कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज शुक्रवार को गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने गया-पटना रोड पर एक निजी रिसॉर्ट में महिलाओं के साथ संवाद भी किया। इसके बाद वे अतरी विधानसभा क्षेत्र में स्थित गहलौर गांव गए। वहां उन्होंने माउंटन मैन के नाम से प्रसिद्ध दशरथ मांझी की समाधि स्थल पर फूल चढ़ाए। फिर उन्होंने मांझी के परिवार से मुलाकात और बातचीत की। बताया गया कि मुलाकात के दौरान दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी के दामाद मिथुन मांझी ने राहुल गांधी से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई और उनसे टिकट की मांग की। उन्होंने कहा कि गया जिले के बोधगया, बाराचट्टी या इमामगंज से चुनाव लड़ने की मंशा है। अगर कांग्रेस से टिकट मिलता है तो जरूर लड़ेंगे।
इसके बाद गहलौर गांव से वे सड़क मार्ग से नालंदा जिले के राजगीर के लिए रवाना हो गए। राजगीर में राहुल गांधी ने कांग्रेस के संविधान सुरक्षा सम्मेलन सभा को संबोधित किया। इस सभा में उन्होंने कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने लोगों से कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने की अपील की। खासकर दलित और पिछड़ा वर्ग के लोगों और छात्रों से उन्होंने आगे आने की अपील की। बाद में वहां राहुल गांधी ने दलित एवं पिछड़ा वर्ग के युवाओं से संवाद भी किया। बिहार में इस साल अक्टूबर—नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। आज के दौरे समेत राहुल गांधी इस चुनावी वर्ष में बार—बार बिहार आ रहे हैं। यह उनका हाल के महीनों में पांचवां बिहार दौरा है।
इधर राहुल गांधी के ताजा बिहार दौरे को लेकर विपक्षी भाजपा ने जमकर निशाना साधा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस डूब जाती है। वे कांग्रेस को गया में डूबोने ही आए हैं। मुझे उम्मीद है कि इसबरा गयाजी में राहुल गांधी अपनी पार्टी कांग्रेस को मोक्ष दिलाने में सफल रहेंगें। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि उनकी जुबान पाकिस्तान जैसी है। वे देश की सेना और भारत माता का सम्मान नहीं करते। जनता उनकी मंशा को पाकिस्तान के साथ हुए हालिया संघर्ष के दौरान बखूबी पहचान चुकी है।
गया एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके और गुलाब के फूल दिए। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह और जिला अध्यक्ष संतोष कुशवाहा सहित कई नेता और कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। गया एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे गहलौर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने दशरथ मांझी के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। दशरथ मांझी को ‘माउंटेन मैन’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने अकेले ही पहाड़ काटकर रास्ता बनाया था। राहुल गांधी ने उनके परिवार से भी मुलाकात की। इसके बाद राहुल गांधी नालंदा जिले के राजगीर गए। वहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।