रोहतास के सासाराम में बीती देर रात एक वांरटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें एक महिला एवं एक पुरुष पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों का सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है। घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जाती है। पुलिस ने इस संबंध 20 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर उनके खिलाफ छापेमारी शुरू की है।
जानकारी के अनुसार सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर मुरादाबाद गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। लेकिन, पुलिस के आने की सूचना मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके कारण पुलिस को बैरंग वापस लौटना पड़ा और इस हमले में एक महिला समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने पत्थरबाजी को लेकर लगभग 20 नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मुफस्सिल थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरादाबाद गांव में एक वांछित अपराधी और एक वारंटी छुपा हुआ है। इस सूचना के बाद पुलिस गांव में पहुंच गई। लोगों को पता चला तो अराजक तत्वों ने अचानक पुलिस की टीम पर हमला बोल दिया। ऐसे में पुलिस को बिना गिरफ्तारी के ही लौटना पड़ा। पुलिस का यह भी कहना है कि पुलिस टीम पर हमला एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया है। जांच की जा रही है और उपद्रव करने वाले तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है।