केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या के बाद अब बेगूसराय में एक और केंद्रीय मंत्री पर जानलेवा हमले की खबर है। यहां अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचाते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री और मुजफ्फरपुर के सांसद राज भूषण निषाद के मामा को गोली मार दी है। गोली लगने से मंत्री के मामा गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव की है। घायल व्यक्ति की पहचान कुंभी गांव के रहने वाले मलिक साहनी के रूप में की गई है।
केंद्रीय मंत्री के मामा मलिक साहनी ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दिये बयान में बताया कि बीती रात वे अपनी दुकान पर थे। रात को जब दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे, तभी हथियार से लैस अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए वे इधर—उधर भागने लगे। इसी कोशिश के दौरान एक गोली उनके पैर में लग गई। गोली लगते ही वे बेहोश होकर वहीं पर गिर गए। इसके बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पिछले दिन उनके पुत्र के साथ किसी बात को लेकर कुछ लोगों का विवाद हुआ था। लगता है कि इसी विवाद के कारण अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
इधर चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल पर गोलियों के कई खोखे बरामद हुए। पुलिस आगे की जांच कर रही है। घटना के संबंध में बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया है कि चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव में केंद्रीय राज्य मंत्री के रिश्तेदार मामा को गोली मारकर अपराधियों ने घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को हिरासत में लिया है। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि उन अपराधियों के पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल तीनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।