पूर्वी चंपारण से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक कलयुगी बेटे ने अपने ही माता—पिता को तलवार से काट डाला। घटना मोतिहारी जिले के चकिया थाना क्षेत्र के शीतलपुर पंचायत अंतर्गत हताहरपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि यह घटना रात में उस समय हुई जब परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन कहा जा रहा कि संपत्ति विवाद में पुत्र ऐसा कदम उठाया और धारदार हथियार से अपनी सौतेली मां तथा पिता की निर्मम हत्या कर दी। मृतक पिता का नाम भगवान साह बताया जाता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी गई। इस घटना से पूरा गांव हतप्रभ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटनास्थल पर जांच जारी है। बताया जा रहा है कि पिता और पुत्र के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। सात महीने पहले ही पिता ने दूसरी शादी की थी। इसके बाद से सौतेली मां और बेटे के बीच विवाद होने लगा। हमलावर बेटे का नाम अभिषेक बताया जाता है। जानकारी के अनुसार हत्या से पहले आरोपी अभिषेक कुमार की अपनी सौतेली मां के साथ झगड़ा हुआ। इसबीच वह सौतेली मां को पीटने लगा। तभी बीच—बचाव करने उसके पिता आ गए। यह देख अभिषेक ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता और सौतेली मां पर वार कर दिया।
घटना के बाद अभिषेक को अपने किए पर पछतावा होने लगा और आननफानन में वह जख्मी पिता तथा सौतेली मां को लेकर चकिया स्थित एक अस्पताल भी गया। लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पुत्र द्वारा मारा गया उसका पिता भगवान साह ने भी आज से 20 साल पहले अपने पिता यानी अभिषेक के दादा की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। चकिया पुलिस ने हत्यारे पुत्र अभिषेक कुमार एवं उसकी पत्नी और बहन को हिरासत में ले लिया है एवं दोनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया है। इधर, मोतिहारी में एक साथ हुई डबल मर्डर से हड़कंप मच गया है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद में हुई घटना प्रतीत होती है । मोतिहारी पुलिस हत्यारा अभिषेक कुमार के साथ उसकी पत्नी एवं बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।