झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को यूपी के गैंगस्टर विकास दुबे की तर्ज पर आज मंगलवार की सुबह स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। अमन साहू का नाम अभी दो दिन पहले हजारीबाग में हुए NTPC के डीजीएम की हत्या में भी सामने आया था। मुठभेड़ मंगलवार की सुबह पलामू में तब हुई जब अमन साहू को झारखंड एसटीएफ की टीम छत्तीसगढ़ के रायपुर से पूछताछ के लिए रिमांड पर रांची ला रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पलामू में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तभी अमन साहू पुलिस का हथियार छीनकर भागने लगा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया। रांची के बरियातू में कोयला कारोबारी पर हुए हमले और हजारीबाग में एनटीपीसी डीजीएम के मर्डर मामले में पूछताछ करने अमन साहू को रांची लाया जा रहा था।
कौन है अमन साहू, रामगढ़ क्षेत्र में हुई घटना
अमन साहू रांची के ठाकुरगांव के समीप मतबे गांव का रहने वाला है। उस पर झारखंड में रंगदारी, हत्या, एक्सटॉर्शन सहित 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह एक समय में हार्डकोर नक्सली भी था। करीब 2013 में उसने अपना गैंग बनाया था। इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर उसने कई बार हथियार लहराते हुए अपने कई फोटो भी पोस्ट किये थे। अमन साहू को जिस तरह ढेर किया गया, वह यूपी पुलिस की स्टाइल की याद दिलाता है जिसमें कानपुर के गैंगस्टर विकास दुबे को भी मारा गया था। गैंगस्टर विकास दुबे की गाड़ी पलटी थी जिसके बाद भागने के क्रम में पुलिस ने उसे मार गिराया था।
विकास दुबे की तरह हुआ अमन साहू का खत्मा
बताया जाता है कि जिस गाड़ी से छत्तीसगढ़ से अमन साहु को लेकर झारखंड एसटीएफ की टीम रांची आ रही थी, वह गाड़ी पलामू के रामगढ़ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसी दौरान वह एक पुलिसकर्मी का असलहा लेकर फायरिंग करता हुआ भागने लगा। अमन साहू ने एसटीएस (स्पेशल टास्क फोर्स) जवान से इंसास राइफल छीनकर भागने की कोशिश की। फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में अमन साहू मारा गया। पलामू एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। एम्बूलेंस को वहां भेजा गया है। पलामू रेंज के डीआईजी ने अमन साहू के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई है। अमन रायपुर के बड़े बिल्डर प्रह्लाद राय अग्रवाल पर हमले के मामले में रायपुर जेल में बंद था। बता दें कि अमन साहू का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन रहा है।