नालंदा के चंडी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक गांव में शादी से पहले एक दुल्हन को मेकअप कराना इतना भारी पड़ा कि विवाह के बाद भी वह नवविवाहिता अपने ससुराल नहीं जा सकी और वह थाने पहुंच गई। दरअसल इस दुल्हने के लिए शादी से पहले एक ब्यूटी पार्लर में कराया गया फेशियल जी का जंजाल बन गया। सजने संवरने के लिए फेशियल कराने के बाद इसके लिए इस्तेमाल केमिकल से दुल्हन के चेहरे और त्वचा पर गंभीर रिएक्शन हुआ। दुल्हन के चेहरे पर तेज जलन के साथ लाल चकत्ते निकल आए। जलन और पीड़ा के बीच किसी तरह रात में शादी तो हुई, लेकिन सुबह दुल्हन का चेहरा देखते ही दुल्हे ने दुल्हन को अपने साथ ले जाने से मना कर दिया।
मामला चंडी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार शादी से पहले दुल्हन ने जैतीपुर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में फेशियल करवाया। दुल्हन के अनुसार उसने ब्यूटिशियन से फ्रूट फेशियल करने के लिए कहा था। लेकिन पार्लर वालों ने गलती से उसके चेहरे पर गोल्ड फेशियल कर दिया। नतीजतन फेशियल करने के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन के चेहरे पर जलन शुरू हो गई और धीरे-धीरे उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई। जलन से छटपटाती दुल्हन को घर लाया गया। उधर शादी का समय भी नजदीक आता गया। जैसे तैसे किसी तरह विवाह की रस्में पूरी की गईं। लेकिन जब सुबह दूल्हे ने दुल्हन का चेहरा देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने विदाई कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद दुल्हन और उसके घर वाले चंडी थाने पहुंच गए। घरवालों ने बताया कि शादी की सभी रस्में निभाने के बाद सुबह भी दुल्हन के चेहरे की लाली और जलन जयों की त्यों बनी रही। स्थानीय डॉक्टर को भी बुलाया गया लेकिन समस्या बनी रही। दूल्हा सुभाष ने पुलिस से कहा कि जब तक दुल्हन की हालत पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक वह उसे अपने घर नहीं ले जा सकता। बताया गया कि नवविवाहिता दुल्हन और दूल्हे ने इस घटना के लिए जिम्मेदार ब्यूटी पार्लर वाले के खिलाफ चंडी थाने में एक शिकायत दर्ज कराया है जिसमें उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। चंडी थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले की छानबीन की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।