पटना : बिहार विधानमंडल के बजट सत्र छठे दिन भी दोनों सदनों-विधानसभा और विधान परिषद में जमकर हंगामा हुआ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आज बिहार विधान परिषद में महिलाओं को खास सम्मान देते हुए प्राथमिकता के तौर पर महिलाओं को ही सवाल पूछने का मौका दिया गया। लेकिन, इस दौरान RJD के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के बीच सदन में ही खूब नोक-झोंक हुआ।
आपको देखकर हम लोगों ने नेतागिरी की
दरअसल, विधान परिषद में महिला दिवस पर राजद कोटे के महिला सदस्य रीना देवी द्वारा सीएम नीतीश कुमार को बधाई देते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार के कार्यों की सराहना की। इसी दौरान सदन में मौजूद आरजेडी के सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी ने उन्हें टोंकते हुए सीएम की चापलूसी करार कर दिया। तभी बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने अब्दुल बारी सिद्दीकी से कहा कि आपको देखकर हम लोगों ने नेतागिरी की है, ऐसा करना आपको शोभा नहीं देता।
आपको चापलूस नहीं कहा गया
इतना सुनने के बाद RJD के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी खड़े हो गए और तम-तमाते हुए कहा कि इतनी चापलूसी मत करिए। मंत्री को ज्यादा चापलूसी नहीं करना चाहिए। इसपर अशोक चौधरी ने सदन में कहा कि हम तो ऐसे नेता की चापलूसी कर रहे हैं, जिसको पूरा देश समाजवादी नेता के रूप में जानता है। इसके बाद सदन में खूब हंगामा हुआ। वहीँ, RJD नेत्री रीना यादव की आंखों में आंसू भर गए। उन्होंने कहा कि मुझे चापलूस नहीं कहा जाए इसपर सभापति ने कहा आपको चापलूस नहीं कहा गया है।