नवादा : जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आदर्श पैक्स के रूप में पैक्सों के चयन हेतु पूर्व में आवेदन आमंत्रित किये गए थे। उक्त आवेदन की अवधि पुनः विस्तारित कर दी गयी है, जिसकी अंतिम तिथि 17 जनवरी 2025 है। राज्य के सभी पैक्स ’’ई-सहकारी पोर्टल’’ के माध्यम से इस योजना हेतु आवेदन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के जिलान्तर्गत तीन पैक्सों एवं राज्य स्तर पर तीन पैक्सों को राज्य सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार-05 लाख रूपया, द्वितीय पुरस्कार-03 लाख रूपया एवं तृतीय पुरस्कार-02 लाख रूपया दी जायेगी। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 15 लाख रूपया, द्वितीय पुरस्कार 10 लाख रूपया एवं तृतीय पुरस्कार 07 लाख रूपया दी जायेगी।
जिला सहकारिता उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन मौसम 2024-25 अन्तर्गत पंचायत स्तर पर पैक्स एवं प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल के माध्यम से किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर क्रय की जा रही है। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य-साधारण 02 हजार 300 रूपये प्रति क्विंटल, ग्रेड-ए-02 हजार 320 रूपये प्रति क्विंटल है।
धान की बिक्री के लिए बेवसाईट-dbtagriculture.bihar.gov.in पर देख सकते हैं। धान अधिप्राप्ति की अवधि नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 तक निर्धारित है। निबंधन/अधिप्राप्ति कार्य में असुविधा/कठिनाई होने पर प्रखंडों में पदस्थापित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के कार्यालय/जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय/संयुक्त निबंधक के कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए-18001800110 पर कॉल कर सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट