बेतिया के सांसद संजय जायसवाल और दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर को पार्टी हाईकमान ने प्रमोशन देते हुए लोकसभा में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संजय जायसवाल को लोकसभा में सत्ता पक्ष का मुख्य सचेतक बनाया है। जबकि दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर को सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी संसदीय दल की सूचना के बाद लोकसभा सचिवालय ने यह नियुक्ति करते हुए अधिसूचना जारी की है।
डॉ. संजय जायसवाल लोस में बीजेपी के मुख्य सचेतक
संजय जायसवाल लगातार चौथी बार सांसद चुने गए हैं। वे बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सितंबर 2019 से 23 मार्च 2023 तक प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अच्छा काम किया और पार्टी को बिहार में मजबूती दी। यही नहीं, लोकसभा सदस्य रहते हुए संजय जायसवाल सूचना और प्रसारण मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति में भी रहे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण समिति के अलावा अनुमान समिति और शासी निकाय जेआईपीएमईआर पांडिचेरी के सदस्य भी रह चुके हैं। अब उन्हें भाजपा ने लोकसभा में सत्तारूढ दल का मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी है।
गोपाल जी ठाकुर को लोस में सचेतक की जिम्मेदारी
वहीं दरभंगा से सांसद गोपाल जी ठाकुर को लोकसभा में सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है। श्री ठाकुर दरभंगा से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। इससे पहले वर्ष 2007 से 2013 तक वे प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी रहे हैं। गोपाल जी ठाकुर वर्ष 2010 में बेनीपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। 2021 से वे बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के भी सदस्य हैं। पार्टी के लिए गोपाल जी ठाकुर लगातार समर्पित रहे और बिहार में भाजपा को मजबूत बनाने में उनका अहम योगदान रहा है।