विधानसभा की ही तरह विधान परिषद में भी मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। राजद सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह के विप में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी पर की गई टिप्पणी को लेकर जबर्दस्त हंगामा किया। ललन सिंह पर पलटवार करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि ललन सिंह जिस तरह की बात हमारे लिए बोल रहे हैं, वह महिलाओं का अपमान है। ‘हम ललन सिंह से पूछना चाहते हैं कि उन्होंने अपनी औरत को, बहन को और मां को कितना पढ़ाया लिखाया है’।
विधान परिषद में राजद का हंगामा, माफी मांगें नीतीश-ललन
आज गुरुवार को जैसे ही विधान परिषद की कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी राजद के सदस्य मुख्यमंत्री नीतीश और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि जहां मुख्यमंत्री ने सदन की दलित महिला विधायक का अपमान किया, वहीं उनके सांसद व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का अपमान किया।
ढाई बजे तक विधान परिषद स्थगित
इसके बाद ललन सिंह के बयान को लेकर परिषद में हंगामा होता रहा जिसके चलते सभापति ने सदन की कार्यवाही को ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। राबड़ी देवी सदन के भीतर और बाहर जदयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर काफी गुस्से में दिखी। उन्होंने कहा कि ललन सिंह जिस तरह की बात हमारे लिए बोल रहे हैं, उन्होंने अपनी औरत और मां को कितना पढ़ाया है? सब गंदा काम बीजेपी जेडीयू के लोग करते हैं। ललन सिंह बोलते हैं कि हम कितना लंबा साइन करते हैं। ललन सिंह अपनी पत्नी,मां और बहन का सर्टिफिकेट दिखाएं। ललन सिंह के साथ ही नीतीश कुमार को भी महिलाओं का अपमान करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।