मोतिहारी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसमें एक युवक को दारू पार्टी के नाम पर उसके घर से बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन बार किए गए। घटना बीती देर रात की है और हत्या के बाद अपराधियों ने युवक के शव को रेतवा नदी किनारे फेंक दिया गया। आज मंगलवार की सुबह युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर गांव के खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब आठ बजे सुनील साह का पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को पार्टी करने के लिए घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। दीपक उन युवकों के साथ घर से निकला लेकिन रातभर वह वापस नहीं लौटा।

रात को दोस्त बुलाकर ले गए थे
इधर रात बीतने के बाद भी जब दीपक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। इसी बीच आज मंगलवार की सुबह रेतवा नदी किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना इलाके में फैल गई। खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। वहां शव को देखकर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बरामद डेड बॉडी की शिनाख्त दीपक के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दीपक के शरीर और पेट पर चाकू से कई बार करने के निशान दिख रहे थे। उसके पेट पर ही कई जख्म मिले। मृतक के पिता ने कहा कि छह लड़के मेरे बेटे को रात में बुलाकर ले गए थे। रात में जब घर वापस नहीं लौटा तो हमलोग परेशान हो गए। सुबह उठे तो मालूम हुआ कि किसी की लाश नदी किनारे पड़ी है। गए तो देखे मेरा बेटा दीपक था जो बेंगलुरु में रहकर बोरा का काम करता था और इस समय अपने घर आया हुआ था। दीपक के पिता ने सुमन और दिलखुश पर उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या किस जगह की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच मिली है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके साथ गए युवकों ने नदी किनारे बैठकर खाना-पीना किया होगा।
