बिहार पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया हैंडल के दुरुपयोग और रील बनाने पर कार्रवाई के सख्त आदेशों को ताक पर रखकर वर्दी में रील बनाना खगड़िया की एक महिला दारोगा के गले की फांस बन गया है। परबत्ता थाना में तैनात महिला एसआई निशा कुमारी का फिल्मी गानों पर वर्दी में टशन दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद दारोगा ने उक्त वीडियो को डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह मामला अधिकारियों जा पहुंचा और अब उक्त महिला दारोगा पर निलंबन की गाज गिरने की सूचना है। बताया जाता है कि गोगरी की एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने इस संबंध में महिला दारोगा से शोकॉज मांगा है और कहा है कि क्यों नहीं आपको निलंबित कर विभागीय कार्रवाई चलाई जाए।
सोशल मीडिया को लेकर पुलिस मुख्यालय का आदेश
बिहार पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में सख्त निर्देश जारी किए थे कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। बावजूद इसके परबत्ता थाने में पदस्थापित महिला दारोगा निशा कुमारी ने पिछले कुछ महीनों में कई फिल्मी गानों पर डांस करते हुए रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ और मामला गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी के संज्ञान में आया, निशा कुमारी ने आनन-फानन में अपने इंस्टाग्राम से सभी वीडियो डिलीट कर दिए। हालांकि तब तक उनका यह वीडियो काफी वायरल हो गया और अधिकारियों की नजर में भी आ गया।
गोगरी SDPO ने मांगा जवाब, कार्रवाई की तैयारी
इस अनुशासनहीनता पर गोगरी की एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने सख्त रुख अपनाया और उन्होंने महिला सब-इंस्पेक्टर से इस मामले में जवाब-तलब किया है। एसडीपीओ ने बताया कि उक्त पदाधिकारी को सख्त हिदायत दे दी गई है कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियम सभी के लिए बराबर हैं और पुलिस की वर्दी की गरिमा को कोई ठेस नहीं पहुंचा सकता। दरअसल, इस समय खगड़िया एसपी छुट्टी पर हैं। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने बताया कि एसपी के लौटते ही उन्हें पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि निशा कुमारी ने कई अलग-अलग जगहों पर रील शूट की थी, जिसकी जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है।