बिहार समेत देश के अलग-अलग राज्यों में आज 9 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जहां पहाड़ी राज्यों में फिर आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं बिहार, झारखंड में मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। आईएमडी के अनुसार आज शुक्रवार को पटना समेत राज्य के 18 जिलों में बारिश, आंधी और ठनका का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और ठनका गिरने की भी संभावना है। इसके बाद 10 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह साफ हो जाने की उम्मीद है। इधर दो—तीन दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है और बीच में धूप भी निकल रही है। वातावरण से उमस भी धीरे—धीरे गायब हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों तक राज्य के अलग—अलग भागों में बारिश हो सकती है।

बिहार में लौटते मॉनसून के साथ ही मौसम के मिजाज में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर और रोहतास शामिल हैं। इसके अलावा अरवल, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का खतरा बना हुआ है। दूसरी ओर, राजधानी पटना, नालंदा, गया, नवादा और शेखपुरा समेत अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वोत्तर बिहार और उसके आसपास के इलाके में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसी से होकर एक ट्रफ लाइन झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए तेलंगाना तक जा रही है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिहार में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है।
हालांकि राजधानी पटना में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बताया गया कि राज्य में 10 अक्टूबर के बाद से मौसम पूरी तरह साफ होने लगेगा। मौसम विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर के लिए बारिश या आंधी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इसका मतलब है कि राज्य में मौसमी गतिविधियां काफी थम जाएंगी। हालांकि, स्थानीय कारणों से कहीं-कहीं हल्के बादल या छिटपुट बूंदें गिर सकती हैं। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है और दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।
