समस्तीपर के मोहद्दीन नगर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के समीप एक महिला के साथ छेड़खानी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के दारोगा के साथ आरोपी युवक की हाथापाई और दे दना दन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जाता है कि बाजार में सिनेमा हॉल के समीप एक महिला से छेड़खानी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को पकड़ना चाहा तो वह दारोगा से ही भिड़ गया और उसका कॉलर पकड़ लिया। युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और फिर भागने की कोशिश के दौरान दारोगा की वर्दी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद युवक को पकड़कर गिरफ्तारी के बाद थाने ले जाया गया.

घटना मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के पास नएच-122बी किनारे स्थित पुराने टाटा स्टैंड के पास की बताई जा रही है। वाकये के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। इधर पुलिस और युवक के बीच हो रही उठापटक का कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ डायल 112 पर एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद डायल 112 की टीम दारोगा राजू यादव के साथ युवक को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची।
टीम के प्रभारी दारोगा राजू यादव ने युवक को पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, युवक वाहन में बैठने को तैयार नहीं हुआ और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान युवक ने दारोगा राजू यादव की वर्दी फाड़ दी। लेकिन काफी देर तक सड़क पर कीचड़ में ही दोरोगा और आरोपी के बीच खींचतान और उठापटक चलती रही। इसीबीच मामले की जानकारी मोहिउद्दीननगर थाना को दी गई जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और युवक को रस्सी से बांधकर काबू कर हिरासत में ले लिया गया। मेडिकल जांच में युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वहां हुई घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
