राजधानी पटना के सिटी स्थित मेहंदीगंज में विश्वकर्मा पूजा पर गाड़ी धुलाई के दौरान महज पानी का छींटा पड़ जाने से हुए विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस विवाद के बाद बीती देर रात एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला कर बेटे के सामने ही पिता की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। हमले में मृतक के बड़े बेटे पर भी चाकू और कैंची से वार किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम दीपू कुमार बताया जाता है। पुलिस ने चाकू से हत्या करने वाले दूसरे पक्ष के आरोपी बेटे और बाप को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दीपू कुमार के छोटे बेटे के साथ मारपीट से हुई। इसका विरोध करने के लिए परिवार के लोग पहुंचे जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान राजू महतो और उनके परिवार के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया जिससे दीपू कुमार कि मौत हो गई। जबकि दीपू का बड़ा बेटा साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले मे बाप—बेटा हिरासत में
सूचना मिलते ही मेहंदीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बिहार किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने बताया है कि पक्षों के बीच मामूली विवाद में चाकू लगने से दीपू कुमार की मौत हो गई है। घटना में शामिल दो आरोपी को राजू महतो और उनके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दीपू कुमार की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं जख्मी साहिल कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। इधर पुलिस सभी बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है।