उम्र वाले विवाद पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने आज बुधवार को तेजस्वी यादव के आरोपों का जवाब देते हुए अपनी डिग्रियों को सार्वजनिक किया। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वे लोग उनकी डिग्री पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन यह कितना हास्यास्पद है कि जिन्होंने खुद पैसे लेकर डिग्रियां बांटी, वे दूसरों पर सवाल उठाने लगे। डिप्टी सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वो पहले भी बता चुके हैं कि सर्टिफिकेट के मुताबिक उनकी उम्र 58 साल है और उनकी डिग्रियों से भी यही साबित होता है। डिप्टी सीएम ने यह भी बताया था कि उन्होंने अपनी उम्र दर्शाने में हुई त्रुटि को सुधारने के लिए आवेदन भी दिया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाल में डेप्युटी सीएम विजय सिन्हा के दो वोटर कार्ड बनवाने और उनमें दर्ज उनके अलग—अलग उम्र को लेकर उनकी डिग्री पर भी सवाल उठाया था। अब आज तेजस्वी के इसी सवाल का विजय सिन्हा ने एक—एक कर जवाब दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पटना के वोटर कार्ड को हटाने के लिए उन्होंने पहले ही चुनाव आयोग को आवेदन किया हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि हमने चुनाव आयोग को विलोपित की प्रमाणिकता के साथ नोटिस का जवाब भी दे दिया है।
विजय सिन्हा ने कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि पटना का EPIC नंबर मेरा हट गया है। क्योंकि पूर्ण प्रमाणिकता हमारे पास था। विजय सिन्हा ने कहा कि इन आरजेडी और कांग्रेस वालों के पास हाईस्कूल तक की डिग्री नहीं है। ये अपने गुर्गों के जरिए हमारी डिग्री पर सवाल उठा रहे हैं। अनुकंपा की राजनीति से निकले ये जंगलराज के युवराज और भ्रष्टाचार की कोख में पले बढ़े कांग्रेस के लोग, जिसने बिहार के शैक्षणिक वातावरण को ना केवल नष्ट किया, जंगलराज में चरवाहा विद्यालय की शुरुआत की। विजय सिन्हा ने अपनी मैट्रिक की डिग्री दिखाते हुए कहा कि ये है मेरी मैट्रिक की डिग्री। इसमें मेरी जन्मतिथि 5 जून 1967 है। इसके हिसाब से मैं 2024 में 57 वर्ष का हूं। विदित हो कि पहली बार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का दो-दो एपिक नंबर सामने आया था। इसके बाद बीजेपी नेता डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का दो विधानसभा क्षेत्र के वोटर लिस्ट में नाम सामने आया है।