मानसून सत्र के चौथे दिन आज गुरुवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गया। पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज पर विपक्ष और सत्तापक्ष के विधायकों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। भारी शोर-शराबे और हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। आज की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायक हाथों में पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए। वे ‘लाठी-गोली की सरकार, नहीं चलेगी’ आदि नारे लगाने लगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार विधायकों से अपनी सीट पर लौटने की अपील की, लेकिन फिर भी हंगामा शांत नहीं हुआ। विपक्षी हंगामे के बीच सत्तापक्ष ने पटना में हुए छात्रों के आंदोलन में गुंडा तत्वों के शामिल होने की बात कही। इसपर विपक्ष और भड़क गया। दोनों पक्षों के विधायकों के बीच धक्का—मुक्की की भी खबर है।
सदन 2 बजे तक के लिए स्थगित
दरअसल, विपक्ष के इस हंगामे की बीच ही भाजपा विधायक श्याम बाबू यादव ने बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के कुछ लोग डाकबंगला चौराहे पर उनकी हत्या की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों पर हमला हुआ। किसी तरह वे जान बचाकर वहां से भागे। उन्होंने वामपंथी छात्र संगठनों के प्रदर्शन की आड़ में गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पटना में छात्रों के आंदोलन में गुंडे शामिल थे। उनके इस बयान पर विपक्ष के विधायक फिर भड़क गए और वे दोबारा वेल में पहुंच नारेबाजी करने लगे। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई।कुछ विधायकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की भी खबर है। हालात बिगड़ते देख मार्शलों को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के कुछ विधायक एक-दूसरे को बाहर चलकर देख लेने की धमकी भी देते नजर आए।
सदन का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। इस बीच मुख्यमंत्री भी सदन से बाहर निकल गए। लगातार हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और स्पीकर ने सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। आज दोपहर में वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करेंगे। इसके साथ ही ‘बिहार विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026’ भी पेश किया जाएगा. इससे अनुपूरक बजट के खर्चों को कानूनी मंजूरी मिल सकेगी।