रोहतास के अमझोर में बीती रात विश्वकर्मा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने जुलूस में शामिल 2 लोगों को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद विसर्जन जुलूस में शामिल भीड़ उग्र हो गई और आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। घटना अमझोर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव के समीप घटी। ट्रक को फूंकने के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और क्रुद्ध भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया। इसके बाद वहां लोगोें ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया जिसमें दो पुलिस कर्मियों के चोटिल होने की खबर है।

पुलिस पर पथराव, 2 जवान चोटिल
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब आठ बजे दर्जनों की संख्या में लोग एक ट्रैक्टर पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति लेकर सोन नदी में विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर रखी मूर्ति, डीजे साउंड सहित अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान 25 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए जिनमें से एक अन्य की बाद में मौत हो गई। अभी भी कई लोगों की हालत नाजुक बताई जाती है। इधर खबर है कि आज शनिवार को इस घटना के विरोध में लोगों ने रोहतास—डेहरी सड़क को जाम कर दिया है और वे वहां अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इधर, हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रक बुरी तरह जल गया। हालांकि, सूचना पर पहुंची अमझोर थाने की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और हादसे की जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार, सड़क हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मूर्ति लदे ट्रैक्टर में टक्कर मारने के बाद ट्रक का ड्राइवर वहां से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी है।
