मुजफ्फरपुर के एक गांव में बीती रात ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई है। यहां आज मंगलवार की सुबह—सुबह कांटी थाना क्षेत्र के बाझिला गांव के एक घर में मां और उसके दो मासूम बच्चों के शव बेड पर रस्सी से बंधे पड़े मिले। तीनों मृतक एक ही परिवार के बताए जाते हैं और उनकी लाश घर पर बेड पर मिले। मृतकों की पहचान मिठाई लाल शाह की पत्नी रीता देवी (30), बेटी वैष्णवी (2 वर्ष) और 3 महीने के बेटे कन्हैया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति मिठाई लाल कैटरिंग का काम करता है और घटना के वक्त वह अपने भाई के साथ एक बारात में गया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया और परिजनों के चीत्कार से माहौल दहल उठा।
दो बच्चे दादी के साथ थे, इसलिए बच गए
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए पट्टीदारों पर गंभीर आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि परिवार के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। मिठाई लाल के अनुसार वह देर रात करीब 3:30 बजे घर लौटा तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचा तो कमरे में पत्नी और दोनों बच्चों का शव देखकर उसके होश उड़ गए। तीनों शव पलंग पर पड़े थे और पास में एक रस्सी भी मिली। आशंका जताई जा रही है कि एक ही रस्सी से गला घोंटकर तीनों की हत्या की गई है। इस ट्रिपल मर्डर केस में एक अहम बात ये थी कि मिठाई लाल के दो अन्य बच्चे दादी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।
जमीन विवाद में मर्डर का शक, 2 से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए एफएसएल की टीम को सबूत इकट्ठा करने के लिए बुलाया गया है। खबर है कि परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को डिटेन किया है और उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतका की सास ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ रिश्तेदारों ने जमीन विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि पहले भी उनके बेटे की हत्या की कोशिश की जा चुकी है और लगातार धमकियां मिल रही थीं। मिठाई लाल ने भी बताया कि सोमवार दोपहर को ही उन्हें पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी, जिसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और हत्या के तरीके का खुलासा होने की संभावना है।