बिहार में चुनाव से पहले पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान में जमकर बयानों के तीर चल रहे हैं। आज शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 10 सवालों के जरिए नीतीश सरकार पर हमला बोला। इसके ठीक एक घंटे बाद ही भाजपा—जदयू ने भी पलटवार कर उनके 10 सवालों के एक—एक कर जवाब देने के साथ ही जवाबी हमला भी ठोक दिया। तेजस्वी ने सीएम नीतीश और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर 10 सवाल पूछे। इसमें उन्होंने जनता से अपील कर कहा कि यदि ये लोग चुनाव में आपसे वोट मांगने आऐ तो उनसे ये 10 सवाल जरूर पूछिएगा।
तेजस्वी ने पूछे ये सवाल
1. बिहार सबसे गरीब राज्य क्यों है? 2. बिहार में महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं? 3. बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेकार क्यों है? 4. बिहार में इतना अपराध क्यों है? 5. बिहार में इतना भ्रष्टाचार क्यों है? 6 बिहार में इतनी बेरोज़गारी क्यों है? 7. बिहार में पलायन की मजबूरी क्यों है? 8. बिहार में स्कूल भवन क्यों नहीं बने? 9. बिहार में नए उद्योग-धंधे क्यों स्थापित नहीं हुए? 10. बिहार की शिक्षा व्यवस्था चौपट क्यों है?
इन सवालों के साथ ही तेजस्वी ने लिखा कि दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद करने वाली 20 वर्षों की नीतीश-मोदी और 11 वर्षों की डबल इंजन सरकार इन सवालों में से एक का भी जवाब नहीं दे पाएगी। तेजस्वी के इस पोस्ट के ठीक एक घंटे बाद ही भाजपा—जदयू की तरफ से उनके प्रवाक्ताओं ने वीडियो संदेश जारी कर इन सवालों का ठोस जवाब दिया।
पलटवार में BJP-JDU ने दिये ये जवाब
1. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार सबसे गरीब राज्य क्यों है?
एनडीए का जवाब– बिहार को सबसे गरीब राज्य बनाने का श्रेय लालू-राबड़ी के जंगल राज को जाता है, जहां विकास की जगह भ्रष्टाचार पनपा।
2. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं?
एनडीए का जवाब- महिलाओं की असुरक्षा की जड़ RJD के जंगल राज में है, जब अपराधी खुलेआम घूमते थे और कानून का राज नहीं था। आज महिलाएं रात में भी बिना भय के घर से निकलती हैं।
3. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेकार क्यों है?
एनडीए का जवाब– स्वास्थ्य व्यवस्था की बर्बादी RJD शासन की देन है, जहां अस्पतालों में मरीज नहीं कुत्ते घूमते थे।
4. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में इतना अपराध क्यों है?
एनडीए का जवाब– अपराध की बढ़ोतरी लालू राज में शुरू हुई, जब गुंडे-माफिया राजनेताओं के संरक्षण में फले-फूले।
5. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में इतना भ्रष्टाचार क्यों है?
एनडीए का जवाब- भ्रष्टाचार की नींव RJD ने डाली, जहाँ चारा घोटाले से लेकर हर योजना में लूट मची थी।
6. तेजस्वी यादव का सवाल -बिहार में इतनी बेरोज़गारी क्यों है?
एनडीए का जवाब- बेरोजगारी की मजबूरी लालू-राबड़ी के शासन की उपज है ।
7. तेजस्वी यादव का सवाल -बिहार में पलायन की मजबूरी क्यों है?
एनडीए का जवाब- पलायन की मजबूरी RJD के जंगल राज से उपजी, जहाँ रोजगार के नाम पर सिर्फ अपराध और अराजकता थी। आज पलायन में कमी आई है।
8. तेजस्वी यादव का सवाल -बिहार में स्कूल भवन क्यों नहीं बने?
एनडीए का जवाब- स्कूल भवनों की कमी लालू शासन की विरासत है, जब शिक्षा बजट परिवार की जेब में जाता था। आज लगातार स्कूल भवन बन रहे हैं शिक्षकों की बहाली हो रही है।
9. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में नए उद्योग-धंधे क्यों स्थापित नहीं हुए?
एनडीए का जवाब- नए उद्योग-धंधे न लगने का कारण RJD का भ्रष्ट तंत्र है, जिसने निवेशकों को डराकर भगा दिया। आज भी निवेशक लालू राज को याद कर डरते हैं,पर फिर भी निवेश आ रहा है।
10. तेजस्वी यादव का सवाल – बिहार में पलायन की मजबूरी क्यों है?
एनडीए का जवाब- शिक्षा व्यवस्था की चौपट हालत RJD के जंगल राज की देन है, जहाँ स्कूलों में पढ़ाई नहीं, सिर्फ राजनीति होती थी। गुंडागर्दी सिखाया जाता था।