बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और शिक्षक भर्ती के नाम पर राज्य की आधी आबादी तथा युवाओं के साथ हुए छल को लेकर एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर तेजस्वी ने लिखा कि— ‘बिहार की महिलाओं के साथ NDA सरकार ने विश्वासघात किया है, सफेद झूठ बोल उनकी भावनाओं का दोहन कर करोड़ों महिलाओं के साथ दिनदहाड़े धोखेबाजी की है’। सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने एनडीए सरकार पर बिहार की महिलाओं और जीविका दीदियों के साथ धोखेबाजी करने का आरोप लगाया और दावा किया कि चुनाव जीतने के लिए इन लोगों ने न केवल महिलाओं को गुमराह किया, बल्कि राज्य के खजाने को भी दिवालियापन की कगार पर खड़ा कर दिया है। यही नहीं तेजस्वी ने शिक्षक भर्ती की टीआरई—4 बहाली को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाया।
धमकी और प्रलोभन के दम पर लूटा गया वोट
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान हार के डर से एनडीए सरकार ने बैंक खुलवाकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की। तेजस्वी ने लिखा, ‘महिलाओं और जीविका दीदियों के खातों में 10,000 रुपये भेजकर उन्हें प्रलोभन दिया गया। साथ ही, उन्हें यह कहकर डराया गया कि मतदान केंद्र में कैमरे लगे हैं और यदि उन्होंने खास पार्टी को वोट नहीं दिया, तो पैसे वापस ले लिए जाएंगे।’ तेजस्वी के अनुसार, चुनाव के समय वादा किया गया था कि 6 महीने के भीतर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 2 लाख रुपये की दूसरी किश्त भेज दी जाएगी, लेकिन आज 6 महीने बीत जाने के बाद भी महिलाएं खाली हाथ हैं।
वित्तीय प्रबंधन की खामी से खजाना खाली
तेजस्वी ने एनडीए सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर कड़े सवाल उठाते हुए दावा किया कि चुनाव के अंतिम दिनों में वोट लूटने के लिए विभिन्न मदों में 41,000 करोड़ रुपये नगद बांटे गए, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए आत्मघाती साबित हुआ है। तेजस्वी ने कहा, ‘सरकार जानती थी कि बिहार के पास सीमित संसाधन हैं, फिर भी उधार लेकर पैसा बांटा गया। अब राज्य की वित्तीय स्थिति बदतर है, खजाना खाली है और शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र जोखिम में हैं’।
आंकड़ों के जरिए सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि करीब 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों और महिलाओं को दूसरी किश्त का इंतजार है। चुनाव के बाद से नेता अपनी कुर्सी के खेल में व्यस्त हैं और मातृशक्ति के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनावी स्टंट के कारण युवाओं के सपनों का कत्ल हुआ है और बिहार में एक अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई है।