भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार करते हुए आज शुक्रवार को SVU ने लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद के पटना जल भवन स्थित कार्यालय समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आज दोपहर बाद तक SVU की 5 अलग—अलग टीमें छापेमारी जुटी रहीं। अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद पर आय से 100 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने यानी तीन करोड़ की काली कमाई करने का आरोप है। बताया गया कि विशेष निगरानी यूनिट की टीमों ने आज सुबह—सुबह इंजीनियर के 5 ठिकानों पर एकसाथ धावा बोला। इन ठिकानों में पटना स्थित लघु जल संसाधन विभाग स्थित राजेंद्र कुमार का कार्यालय भी शामिल है। इस छापेमारी के दौरान दफ्तर के लोगों के बीच भी कई तरह की चर्चा होती रही। सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद पर ज्ञात आय से 100% से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप है।
छापेमारी अभी भी चल ही रही है और विस्तृत जानकारी देर रात तक आने की उम्मीद है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद जल संसाधन विभाग के अनुश्रवण प्रभाग के भी अतिरिक्त प्रभार में हैं। एसवीयू की तरफ से जानकारी मिली है कि अधीक्षण अभियंता ने मुंबई के पनवेल में 75 डिसमिल जमीन खरीदी है जिसकी बाजार कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपए बताई जाती है। इंजीनियर पर आरोप है कि उन्होंने अपनी काली कमाई से देश के विभिन्न शहरों में करोड़ों की संपत्ति बनाई है। विशेष निगरानी इकाई इन्हीं काली कमाई वाली संपत्तियों की छानबीन कर रही है। आज की रेड के दौरान अधीक्षण अभियंता की चल और अचल संपत्तियों के दस्तावेजी रिकॉर्ड तथा उनके आय के स्रोतों को खंगाला जा रहा है। जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान भ्रष्ट इंजीनियर के अलग-अलग परिसरों में जांच की जा रही है। SVU की एक टीम पटना स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय जल भवन भी पहुंची जहां इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद का कार्यालय स्थित है।
