भागलपुर के सुलतानगंज में आज सोमवार की सुबह करमा-धरमा पर्व की खुशियां तब अचानक मातम में बदल गईं, जब यहां एक पोखर में स्नान करने गए गांव के 6 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। सभी बच्चों की उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जाती है और वे सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले थे। सभी छह बच्चे आज सुबह कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गए थे। इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे में छह बच्चों की मौत हो गई। यह वाकया सुलतानगंज थाना क्षेत्र के उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार की बताई जा रही है। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं और सभी की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बतायी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि करमा-धरमा पर्व के मौके पर 6 बच्चे पोखर में स्नान करने गये थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी एक—एक कर पानी में उतर गए और देखते ही देखते सभी छह बच्चे गहरे पानी में डूब गये। इधर इस हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। लेकिन उनमें से किसी की भी जान नहीं बचाई जा सकी। मृत बच्चों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है। सभी सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर 27 के विष्णु टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मृत बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूजा को लेकर बच्चे स्नान करने के लिए बाढ़ के पानी में गए थे। फिलहाल सभी छह बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया जाता है कि बाढ़ के कारण इलाके में पहले से ही पानी भरा हुआ है। ऐसे में गहरे पानी में जाने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और बच्चों को बाढ़ के पानी से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बाढ़ के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
