70वीं BPSC और दारोगा परीक्षा रद्द करने समेत अपनी कई मांगों को लेकर पटना में आज मंगलवार को एकबार फिर छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से मार्च निकालकर जेपी गोलंबर पहुंचे छात्रों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प और धक्का—मुक्की हुई। खबर है कि पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया है, जबकि मौके पर हंगामा जारी है। छात्र 70वीं BPSC परीक्षा और दारोगा बहाली की परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने के साथ ही BSSC की परीक्षा तारीख जारी करने, संविदा व्यवस्था खत्म करने और 1799 दरोगा पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराई जाए। साथ ही BSSC की परीक्षा की तारीख जल्द जारी करने, संविदा व्यवस्था खत्म करने और 1799 दरोगा पदों की भर्ती पूरी करने की मांग भी आंदोलन में शामिल है। आज मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान में जुटे। यहां से मार्च करते हुए छात्र जब जेपी गोलंबर की तरफ बढ़े तो वहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश की परंतु पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी के बाद वहां झड़प शुरू हो गई। अभी भी वहां हंगामे की स्थिति बनी हुई है और छात्र JP गोलंबर पर धरने पर बैठ गए हैं तथा सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों छात्रों के हाथों में बैनर और पोस्टर थे, जिन पर लिखा था-‘ना परीक्षा में खेल चलेगा, ना भविष्य से खिलवाड़ चलेगा’। छात्र लगातार नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। छात्रों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सरकार टालू रवैया अपना रही है जिससे लंबे समय से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल जेपी गोलंबर पर छात्र धरने पर बैठे हैं और पुलिस ने बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें आगे बढ़ने से रोक रखा है।