शराबबंदी कानून वाले बिहार में एक बार जहरीली शराब ने 4 लोगों की जान ले ली है। पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में बीते दिन कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों के परिजनों के मुताबिक इन चारों लोगों ने पार्टी की थी जिस दौरान इन्होंने शराब का सेवन किया था। इसके तुरंत बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शशि कुमार, विकास राम, पंकज सिंह और निशु कुमार के रूप में हुई है।
बाढ़ एसडीपीओ ने बताया कि रविवार को बेढ़ना गांव में चार लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसडीपीओ ने कहा कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। खबर है कि डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर जहरीले पदार्थ के सेवन को मौत की वजह बताया है लेकिन पूरी बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आ पाएगी। इधर पुलिस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या वाकई इनकी मौत जहरीला पदार्थ या शराब पीने से हुई है। बता दें कि बिहार में 2016 से ही शराब की बिक्री और उपभोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार बिहार में सामने आ रही हैं जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और शराबबंदी कानून पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जाता है चारों लोगों ने चारों लोगों ने मछली और शराब की पार्टी की थी। पार्टी खत्म होने बाद ही चारों की तबीयत बिगड़ने लगी और सभी को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। पीएमसीएच लाने के क्रम में एक—एक कर चारों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इधर जैसे ही चारों की मौत होने की खबर उनके परिजनों को हुई, घर में रोना—पीटना मच गया। इसी बीच युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शराबबंदी को लेकर पुलिस के खिलाफ आक्रोश जाहिर करते हुए बख्तियारपुर—मोकामा फोर लेन को जाम कर दिया। बिहार में शराबबंदी के बावजूद हुई इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। खबर है कि पुलिस ने पार्टी वाली जगह से शराब और मछली बरामद की है।