सीतामढ़ी में आज शनिवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला पार्षद के पति बैद्यनाथ महतो की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि शराब कारोबार का विरोध करने के कारण इस हत्या को अंजाम दिया गया। हमलावरों ने बैद्यनाथ महतो को करीब स 8 गोलियां मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद मौके पर जुटी भीड़ आक्रोशित हो उठी और भीड़ ने वहां पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर न सिर्फ पथराव किया बल्कि उनकी गाड़़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ के हमले में एक इंस्पेक्टर का सिर फट गया जबकि आक्रोशित लोगों ने पुलिस के सामने ही आरोपी के घर को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है और कई जवान भी घायल बताए जाते हैं। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर शराब माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए वहां पहुंचे एसपी की भी एक नहीं सुनी और बवाल करते रहे।

पुलिस पर हमला, इंस्पेक्टर का सिर फटा
जानकारी के अनुसार बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस जब वहां पहुंची तो लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। देखते ही देखते लोगों ने पुलिस वालों पर हमला शुरू कर दिया। इस दौरान ट्रैफिक थानाध्यक्ष पर भी हमला किया गया जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के करीब छह वाहनों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और पुलिस अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसपी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। घटना के बाद डुमरा थाना और सीतामढ़ी समाहरणालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा।
पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़
इस सारे बवाल से पहले आज सुबह डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की बाइक सवार दो अपराधियों ने एक के बाद एक 8 गोलियां मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो पर इससे पहले भी जानलेवा हमला किया गया था लेकिन वे बच गए थे। उस घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। परंतु उस मामले में पुलिस ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की और अब बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने बैद्यनाथ महतो को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।
