राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित एक गांव में शादी के दौरान महज एक सेल्फी के कारण ऐसी मारामारी मची कि जहां दूल्हा—दुल्हन को भी छिपकर जान बचानी पड़ी, वहीं शादी के फेरे भी पुलिस की निगरानी में लगवाए गए। दरअसल, गांव में रस्में पूरी करने के बाद एक जोड़े की उमानाथ मंदिर में शादी हो रही थी। इसी दौरान दूल्हा-दुल्हन के साथ एक महिला रिश्तेदार द्वारा सेल्फी लेने के बाद वहां बवाल मच गया। वधु पक्ष के लोग फोटो खिंचाने से नाराज हो गए और विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। वधु पक्ष ने उस महिला रिश्तेदार की जमकर पिटाई कर दी। दुल्हन के साथ फोटो खिंचाने के कारण उसकी जान पर बन आई। बवाल की खबर मिलते ही वहां पुलिस पहुंच गई और उसके बाद मामला शंत कराया गया और फिर पुलिस के पहले में शादी के फेरे लगवाए गए।
बताया जाता है कि काफी मान मनौव्वल और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांतिपूर्ण शादी के लिए दोनों पक्ष राजी हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बतायाा कि उमानाथ मंदिर में देर रात चल रही शादी के दौरान दुल्हन के साथ सेल्फी लेने को लेकर लड़की और लड़का पक्ष के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार लड़की पक्ष की एक महिला रिश्तेदार दुल्हन के साथ सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान लड़का पक्ष के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिला के साथ दुल्हन पक्ष के लोग मारपीट करने लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को बातचीत कर शांत कराया। इसके बाद वहां शादी की रस्में पुलिस की निगरानी में दोबारा शुरू कराई गईं। पुलिस ने मौके पर कैंप करते हुए शादी की अंतिम रस्म संपन्न होने तक दोबारा अशांति को रोके रखा। अंततः दोनों पक्षों की सहमति से विवाह संपन्न कराया गया और दूल्हा-दुल्हन की विदाई भी शांतिपूर्ण माहौल में हो सकी। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष बाढ़ अनुमंडल के अजगरा गांव का रहने वाला है, जबकि लड़का पक्ष आत्मालग थाना क्षेत्र के सबनिमा गांव से आया था। घटना के बाद यह शादी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।