बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में पूरे हो चुके हैं। अब सभी की निगाहें कल 14 नवंबर को होने वाली मतों की गिनती पर टिकी हैं। लेकिन इससे पहले ही सासाराम में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर भारी बवाल मच गया। वहां मतों की गिनती से पहले स्ट्रांग रूम का सीसीटीवी कैमरा बंद होने और एक ट्रक के वहां प्रवेश करने के बाद हंगाम शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। खबर है कि लाठीचार्ज में सासाराम से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह एवं एक पत्रकार जख्मी हो गए हैं। तकिया बाजार समिति में स्थित चेनारी और दिनारा विधानसभा के स्ट्रांग रूम का कैमरा बंद होने पर आरजेडी प्रत्याशी व उनके कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कई दलों के प्रत्याशी स्ट्रांग रूम पहुंचे व जिला प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया।
ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप
ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने तकिया बाजार समिति के गेट पर बीती देर रात से हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्याशियों का आरोप था कि स्ट्रांग रूम के अंदर एवं गेट पर कैमरा बंद है जिसकी वजह से स्ट्रांग रूम की जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसको लेकर कई प्रत्याशी और उनके समर्थक हंगामा करने लगे। इसी बीच एक ट्रक ने बाजार समिति परिसर में प्रवेश किया और करीब 3 घंटे बाद ट्रक को बाहर निकाला गया। लेकिन बाजार समिति परिसर में प्रवेश गेट पर प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे रोक दिया।
ट्रक के प्रवेश करने पर हंगामा
बाजार समिति परिसर में प्रवेश द्वार पर खड़े प्रत्याशियों ने सवाल खड़ा किया कि बिना जांच किए ट्रक अंदर क्यों ले जाया गया। सीसीटीवी कैमरा बंद क्यों है? इस बात को लेकर सातों विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ तकिया बाजार समिति के गेट पर पहुंच गए। इसके बाद सभी लोग प्रदर्शन करने लगे। बवाल इतना बढ़ गया कि रात करीब ढाई बजे भारी संख्या में पुलिस बल को यहां बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहले इनको शांत करवाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा कर रहे लोग जब शांत नहीं हुए तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को शांत किया। खबर है लाठीचार्ज में सासाराम के प्रत्याशी सत्येंद्र साह एवं एक पत्रकार जख्मी हो गए हैं। हालांकि एसपी ने लाठीचार्ज की घटना को अफवाह व बेबुनियाद बताया। डीएम ने इस मामले में चेनारी विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। फिलहाल तकिया बाजार समिति के गेट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।