नीतीश कुमार की सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बने रहेंगे। भाजपा विधायक दल की आज प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में एक बार फिर से सम्राट चौधरी को नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया दोनों ही फिर से नई नीतीश सरकार में बिहार के उपमुख्यमंत्री बनेंगे। बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक के बाद कहा कि सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। जबकि विजय कुमार सिन्हा को उप नेता चुना गया है। बीजेपी की तरफ से ये दोनों नेता हिट हैं और फिट भी हैं।
आज ही एनडीए की भी बैठक
आज सुबह भाजपा कार्यालय में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक हुई। इसमें यूपी के डिप्टी सीएम केपी मौर्य बतौर पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री मेघवार तथा पूर्व मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति सह पर्यवेक्षक शामिल हुए। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बने रहेंगे। नई सरकार में इन दोनों नेताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, और इसी फैसले से सरकार गठन की प्रक्रिया और भी स्पष्ट हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार, 20 नवंबर को गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह दोपहर 11:30 बजे शुरू होगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना आएंगे, जबकि गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को ही पटना पहुंचेंगे।
नीतीश कुमार को फिर कमान
उधर आज ही सुबह सीएम आवास पर जदयू विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सारी औपचारिकताएं पूरी कर नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुन लिया गया। उनके जदयू विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब नई सरकार बनाने की तैयारी और तेज हो गई है। इसके बाद आज ही दोपहर 3 बजे एनडीए की बड़ी बैठक होगी जिसमें गठबंधन के नेता का चयन किया जाएगा। इसमें नीतीश कुमार को ही एनडीए विधानमंडल का नेता चुना जाएगा जिसके बाद वे राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार कल साढ़े 11 बजे दो उपमुख्यमंत्रियों और करीब 20 मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। इस कैबिनेट में भाजपा, जदयू के अलावा लोजपा (रा), हम और रालोमो के विधायकों को भी जगह मिलेगी। भाजपा मंत्रियों की सूची को अमित शाह अंतिम रूप दे रहे हैं। रालोमो की प्रो. स्नेहलता को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।