बिहार के सीएम पद की शपथ लेने के फौरन बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय जाकर बजाप्ता कार्यभार संभाल लिया। शपथ लेने के बाद सम्राट सीधे बीजेपी दफ्तर पहुंचे और इसके बाद वे मुख्यमंत्री सचिवालय के लिए निकल गए। बतौर मुख्यमंत्री पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने साफ बता दिया कि उनका लक्ष्य क्या होगा। अधिकारियों की बैठक के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि निश्चिंत रहिए। बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की के लिए आज मैंने मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया है। आज से ही बिहार के लिए काम शुरू कर दूंगा। बिहार के अफसर और आम लोग बिल्कुल स्पष्ट रहें। यहां नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का ही मॉडल चलने वाला है। शपथ लेने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने अपना कार्यभार संभाल लिया और उन्होंने सचिवाल में अधिकारियों की बैठक की।
उधर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में बिहार के और तेजी से विकास करने की उम्मीद जताई। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीतीश ने लिखा कि आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। दरअसल नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा के बाद बीजेपी ने सम्राट चौधरी को राज्य का नया नेता चुना था। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू की तरफ से वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने बतौर डेप्युटी सीएम के तौर पर शपथ लिया।
वहीं आज शपथ के बाद अपने कार्यालय पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद अधिकारियों ने सम्राट चौधरी का स्वागत किया। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के नेतृत्व में पूरी प्रशासनिक टीम इस मौके पर उपस्थित थे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सम्राट चौधरी ने पदभार संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए और वरीय अधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर बैठक की। सीएम पद मिलने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि स्वयं नीतीश कुमार ने उनका बतौर सीएम नाम लिया और उन्हें आशीर्वाद दिया। बिहार के विकास का कारवां आगे बढ़ता रहेगा। राजग के सभी माननीय नेताओं के विश्वास के साथ हम नई ऊर्जा के साथ बिहार के विकास, प्रगति और सुशासन को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।