बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को एक बाद फिर से जान से खत्म कर देने की धमकी मिली है। इस बार एक्टर सलमान खान की कार को बम से उड़ा देने की धमकी दी गई है। यह धमकी उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए दी गई है। इस मामले में अज्ञात शख्स के खिलाफ मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस ने इस संबध में अज्ञात शख्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी है। ये पहली बार नहीं है कि जब सलमान को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी सलमान को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। इसे लेकर सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सलमान खान को ये ताजा धमकी ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के व्हाट्सएप नंबर पर मिली। बॉलीवुड के इस नामचीन एक्टर के नाम धमकी मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई और उनकी व्यक्तिगत तथा घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर जब फायरिंग हुई थी, तब से ही बॉलीवुड एक्टर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके बाद उनके करीबी नेता बाबा सिद्दीकी की भी दशहरे के दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब से सलमान खान की सुरक्षा बेहद पुख्ता की गई है। यहां तक कि उनके घर की बालकानी के शीशे भी बुलेटफ्रूफ कर दिए गए हैं। आने जाने के रास्ते में भी एक्टर को एस्कॉर्ट सुविधा दी गई है।
मालूम हो कि अभी ईद के मौके पर पिछले दिनों ही सलमान खान की फिल्म सिकंदर रिलीज हुई है। फिल्म प्रमोशन के दौरा सलमान ने उन्हें मिली धमकियों पर मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अल्लाह और भगवान हैं…। वही सबकुछ संभालेंगे। अब सलमान खान को जान से मारने की ताजा धमकी के मामले में वर्ली थाने में अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि काले हिरण के शिकार वाले मामले के बाद से ही साल 2018 से सलमान खान को लगातार जान मारने की धमकी मिलती रही है। इस ताजा मामले को मिलाकर अबतक कुल 10 बार सलमान खान को ऐसी धमकी आ चुकी है।