मशहूर रियलिटी शो इंडियाज गॉट लेटेंट के मंच पर बिहार की रहने वाली साक्षी झा ने खुद को मैन हेटर यानी पुरुषों से नफरत करने वाला बताया। उसके इस बयान के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। साक्षी ने रियलिटी शो के मंच पर पुरुषों, शादी एवं अपने परिवार के पुरुष सदस्यों को लेकर भी विवादित टिप्पणियां की। हालांकि उसके एक्ट को शो में मौजूद जजों ने शून्य अंक दिए, फिर भी उसकी टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना शुरू हो गई। बिहार की रहने वाली और पेशे से शिक्षिका साक्षी ने शो में कहा कि वो अपने पति को शराब पीकर पीटना चाहती हैं। उसने शो के मंच पर खुद को खुलकर खुद मैन-हेटर बताया।
विदित हो कि इस शो के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब किसी कंटेस्टेंट को जजों के पूरे पैनल से 0/10 स्कोर मिला। इस शो के बाद से उनके बयानों को लेकर इंटरनेट पर ‘टॉक्सिक फेमिनिज्म’ और ‘रेज-बैटिंग’ यानी विवाद से अटेंशन पाने की प्रवृति पर एक बड़ी बहस छिड़ गई है। साक्षी झा एक शिक्षिका और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं। इनके इंस्टाग्राम पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं, जहां उन्होंने अपने बायो में खुद को पितृसत्ता का सबसे बुरा सपना लिखा हुआ है। बीते दिनों इंडियाज गॉट टैलेंट के मंच पर उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी करने के इरादे से एंट्री ली थी। लेकिन उनके पूरे एक्ट का केंद्र हास्य से ज्यादा पुरुषों के प्रति उनका गुस्सा और नफरत बन गया जिसने जजों और दर्शकों दोनों को हैरान कर दिया।
हालांकि साक्षी झा का बिहार में वास्तविक जिला कौन-सा है, पिता कौन हैं, किस स्कूल में पढ़ाती हैं आदि जानकारियां पूर्ण रूप से अभी तक सामने नहीं आई हैं। लेकिन वह खुद को बिहार का बताती हैं। एपिसोड के दौरान साक्षी झा ने माइक संभालते ही कहा कि वह एक मैन-हेटर हैं और उन्हें पुरुषों का ईगो यानी अहंकार ठेस पहुंचाने में बहुत मजा आता है। विवाद तब और बढ़ गया जब उन्होंने अपने ही परिवार के पुरुषों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मेरे पिता हैं। मेरे दादा हैं और भाई हैं। लेकिन आखिरकार वे मर्द हैं, इसलिए मैं उन सब से नफरत करती हूं। इतना ही नहीं, भविष्य में शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति से शादी करना चाहती हैं जो उनका गुलाम बनकर रहे और उनका एक लाइफ गोल यह भी है कि वह शराब पीकर अपने पति को बेल्ट से पीटें।