सहरसा। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के दाहिने जांघ में आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सहरसा के लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।
घायल युवक की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के गोलमा पूर्वी पंचायत अंतर्गत घोघनपट्टी निवासी परमानंद यादव के 25 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार यादव के रूप में हुई है। मंजेश बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में अपने ससुराल आया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को ससुराल के पड़ोस में रहने वाले सन्नी नामक युवक का मोबाइल कहीं खो गया था। मोबाइल गुम होने के बाद ससुराल पक्ष और पड़ोसियों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। इस बीच वहां पहुंचे मंजेश पर भी मोबाइल चोरी का आरोप लगाया जाने लगा। मंजेश ने बताया कि वह अभी कुछ समझ ही पाता कि विवाद के दौरान अचानक फायरिंग कर दी गई। गोली सीधे उसकी दाहिने जांघ में जा लगी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसडीपीओ ने बताया कि यह पूरी घटना आपसी विवाद का नतीजा है। वारदात के बाद से ही गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी है और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।