राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आज सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विधान परिषद से अपने एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद उनपर जबर्दस्त तंज कसा। रोहिणी आचार्य ने नीतीश के इस्तीफा देने के बाद अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि— ‘चाचा जी किए गए बिहार से तड़ी पार।’ रोहिणी ने इसमें यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी ने नीतीश कुमार से जबरन इस्तीफा ले लिया है। इसके साथ ही रोहिणी ने लिखा कि—’नीतीश चाचा ने जैसा बोया, वैसा ही पाया’। उनके इस्तीफे पर राजद अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भाजपा को घेरा और इसे बड़ी साजिश करार दिया। उधर मुख्यमंत्री नीतीश ने भले एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया हो, लेकिन अभी वे अगले छह महीने तक अपने सीएम पद पर बने रह सकते हैं। इसके साथ ही एनडीए में नए सीएम के चयन की कवायद भी तेज हो गई है।
बीजेपी का ऑपरेशन फिनिश नीतीश
आज रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखे पोस्ट में लिखा कि-‘बिहार में बीजेपी का ऑपरेशन फिनिश नीतीश अब संपन्न हो गया है। अंततः चाचा जी के न चाहते हुए भी बीजेपी के द्वारा उनका इस्तीफ़ा ले ही लिया गया। चाचा जी ने जैसा बोया, वैसा पाया। कुर्सी से चिपके रहने की सुविधा के मोह में मुख्यमंत्री की कुर्सी भी गई और चला गया हाथ से बिहार भी। ऐसे में चाचा जी के अंतर्मन की चीत्कार समझी जा सकती है’। विदित हो कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोमवार को बिहार विधान परिषद की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। राज्यसभा सांसद बनने के बाद संवैधानिक व्यवस्था के मुताबिक उनको एमएलसी पद से 14 दिनों में त्याग पत्र देना जरूरी था। यह 14 दिन की अवधि आज 30 मार्च को समाप्त होने से पहले उन्होंने एमएलसी का पद त्याग दिया।
नितिन नवीन ने भी दिया इस्तीफा
उधर दूसरी ओर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी आज राज्यसभा के लिए निर्वाचन के बाद बांकीपुर विधान सभा सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया। इस्तीफे के बाद नितिन नवीन ने एक भावुक पोस्ट करके लिखा कि मैं बिहार विधानसभा में बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले निर्वाचित सदस्य के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने आगे लिखा कि पार्टी द्वारा मुझे सौंपी गई नई भूमिका के माध्यम से, मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र और बिहार राज्य के विकास के लिए सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध रहूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत एवं विकसित बिहार बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा। बता दें कि नितिन नवीन और नीतीश कुमार दोनों हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।