बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले RJD नेता और एमएलसी सुनील सिंह ने भड़काऊ बयान दिया है जिसमें उन्होंने सीधे—सीधे जेन—Z जैसे विद्रोह की धमकी दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर काउंटिंग में धांधली हुई तो भारी बवाल होगा। सड़कों पर नेपाल जैसा नजारा दिखेगा। सुनील सिंह ने कहा है कि अगर हार जीत के लिए मतगणना में कोई गड़बड़ी हुई तो बिहार में नेपाल, बंग्लादेश और श्रीलंका जैसे हालात होंगे। स्थिति ऐसी होगी जो संभाले नहीं संभलेगा।
वहीं जदयू और भाजपा वाले विपक्षी एनडीए खेमे ने सुनील सिंह की इस भड़काऊ धमकी को मतगणना से पहले ही हार की बौखलाहट करार दिया। मतगणना से ठीक पहले राजद नेता और राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह के इस बयान के बाद सियासी हड़कंप मच गया है।
राजद नेता सुनील सिंह ने कहा कि 2020 में जो हुआ था, उसे फिर से करने की कोशिश एनडीए वाले नहीं करें। अगर चुनाव के नतीजों में कोई धांधली करने की कोशिश की गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमलोग सड़क पर उतर जायेंगे। ये लोग 2020 वाला काम फिर करने की कोशिश करेंगे तो जिस तरह नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में सत्ता के खिलाफ लहर उठी थी, वैसा ही कुछ बिहार में भी हो जाएगा। सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि 2020 में कई विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना के दौरान गड़बड़ी की गई थी। नालंदा के हिलसा समेत करीब 10 विधानसभा क्षेत्रों में हमारे कैंडिडेट को गड़बड़ी कर जानबूझकर हराया गया। लेकिन अगर फिर ऐसा कुछ किया गया तो हमलोग चुप नहीं बैठेंगे।
सुनील सिंह आज बजाप्ता एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह भड़काऊ बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2020 में चार-चार घंटे मतगणना रुकवा दी गई थी। अगर फिर ऐसा हुआ तो पूरी जनता सड़क पर आ जाएगी और वो दृश्य देखने को मिलेगा जो नेपाल में देखने को मिला था। सुनील कुमार सिंह ने एग्जिट पोल पर भी सवाल उठाया और कहा कि मतदाता वोट के लिए लाइन में लगे थे, लेकिन तभी एग्जिट पोल भी आने लगे। ऐसा कैसे हुआ। उन्होंने पूछा कि चार करोड़ 98 लाख वोट दिया गया फिर 50 से कम सीट आरजेडी को जैसे मिल रही? बिहार के लोग अचंभित हैं कि वोट महागठबंधन को मिल रहा फिर एनडीए को जीतता हुआ कैसे बता रहे? सुनील सिंह ने एग्जिट पोल को साजिश बताया और मतगणना को लेकर भी उन्होंने साजिश की आशंका जताई।