सिवान के पूर्व सांसद मो शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर विधानसभा सीट से राजद विधायक ओसामा शहाब के घर पर आज सोमवार की सुबह—सुबह पुलिस ने छापेमारी की। लेकिन किसी भी ठिकाने पर विधायक ओसामा पुलिस के हाथ नहीं लगे। जानकारी के अनुसार सिवान शहर के आसीनगर में नवलपुर स्थित विधायक के आवास और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एकसाथ छापेमारी की। लेकिन कही भी ओसामा नहीं मिले। सिवान के महादेवा थाने में रघुनाथपुर के राजद विधायक और मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पर एक डॉक्टर की जमीन कब्जाने को लेकर एफआईआर दर्ज है। इसी मामले में उनके ठिकानों पर यह छापेमारी की गई है। इस मामले में विधायक ओसामा के अलावा तीन अन्य के खिलाफ नामजद व 30-35 अज्ञात को भी आरोपित किया गया है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
जमीन विवाद के इस मामले में राजद विधायक पर एफआईआर दर्ज होने के बाद ओसामा शहाब की अग्रिम जमानत याचिका पहले ही लोअर कोर्ट से खारिज हो चुकी है। जमानत अर्जी खारिज होने के बाद ही पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। राजद विधायक ओसामा पर चिकित्सक की जमीन पर जबरन कब्जा करने औऱ चिकित्सक के कर्मियों के साथ मारपीट करने तथा धमकाने से जुड़ा मामला महादेवा थाना में दर्ज है। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने ओसामा की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी इसके बाद ओसामा भूमिगत हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। डीआईजी ने बताया कि डॉक्टर की जमीन पर रंगदारी से कब्जा करने का एक मामला था। एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई गोपालगंज के मांझागढ़ निवासी डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह द्वारा सिवान के महादेवा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई है। डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद न्यायालय से वारंट लिया गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान विधायक के दोनों आवासों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए जिले के कई थानों की पुलिस तैनात की गई थी। टीम में सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी, नगर थानाध्यक्ष, मुफ्फसिल, महादेवा और सराय थाने के अधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।