बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने अपना कैंपेन सॉन्ग लॉन्च कर दिया है। इस कैंपेन सॉन्ग में अबकी बार तेजस्वी सरकार बनाने का दावा करते हुए पार्टी की तरफ से पूर्व डिप्टी सीएम को सबसे बेहतर बताया गया है। इस गाने में आरजेडी के चुनावी वादों का भी जिक्र किया गया है। इस गाने के बोल हैं-‘तेजस्वी अबकी अईहें, कोय एकरा से बेहतर नहीं’। कैंपेन सॉन्ग तेजस्वी यादव पर ही पूरी तरह फोकस है। इसमें तेजस्वी यादव की सरकार बनाने का दावा किया गया है। आरजेडी का यह कैंपेन सॉन्ग कुल 5 मिनट 44 सेकंड का है और इस गाने में तेजस्वी यादव को बिहार के लिए बेहतर विकल्प बताया गया है। खुद तेजस्वी यादव ने इस गाने के वीडियो को अपने X हैंडल पर शेयर किया है। बता दें कि RJD ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का CM फेस बताया है।
इस सॉन्ग की टैगलाइन है ‘तेजस्वी अबकी अईहें गे, रौशन सबेरा लईहें गे।’ साथ ही इसमें उन्हें बिहार का बेटा बताया गया है और कई सारे वादों को पूरा करने की बात कही गई है। सॉन्ग की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्र के खूबसूरत नजारे के साथ होती है। सॉन्ग के बोल में तेजस्वी यादव का जिक्र किया गया है और उन्हें नेता नहीं बल्कि बिहार का बेटा बताया गया है। यह मगही भाषा में तैयार गीत है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका वीडियो शेयर किया है, जिसमें लिखा है, “रौशन सवेरा लईहें गे। तेजस्वी अबकी अईहें गे, रौशन सबेरा लईहें गे। नेता नहीं, ई बेटा छी, कोय एकरा सं बेहतर नहीं।”
आरजेडी के इस गाने में पार्टी द्वारा किए गए वादों का भी जिक्र किया गया है। इस बार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए RJD ने कई वादे जनता से किए हैं। RJD ने वादा किया है कि माई बहिन योजना शुरू की जाएगी। युवाओं को नौकरियां देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश की जनता को तेजस्वी यादव की सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली देगी। बुजुर्ग को 1500 रुपये प्रति महीना पेंशन दी जाएगी। बिहार में शिक्षा व्यवस्था बेहतर की जाएगी। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इंडस्ट्री लगाकर प्रदेशवासियों के पलायन पर रोक लगई जाएगी। अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों के खाली पड़े पद भरे जाएंगे। विदित हो कि बिहार में अक्टूबर-नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। लालू प्रसाद यादव एक बार फिर पार्टी के अध्यक्ष बन गए हैं और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी चुनाव लड़ रही है और चुनाव की तैयारियां कर रही है।