आरजेडी से 6 साल के निलंबित और राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी रितु जायसवाल ने आज मंगलवार को बीजेपी का दामन थाम लिया। पटना स्थित भाजपा कार्यालय में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान भजपा के वरिष्ठ नेता और सम्राट सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल भी मौजूद रहे। रितु के साथ आज कई अन्य नेताओं ने भी बीजेपी ज्वाइन की। इस मौके पर रितु जायसवाल ने कहा कि वह बिना डरे बीजेपी में आई हैं। ‘मुखिया दीदी’ के नाम से मशहूर रितु जायसवाल पहले आरजेडी में बड़ा महिला चेहरा थीं लकिन बीते चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद रितु जायसवाल ने चुनाव में निर्दलीय ही ताल ठोक दिया था, जिसपर पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निलंबित कर दिया। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा परंतु उन्होंने 65 हजार से ज्यादा वोट लाकर सबको चौंका दिया था। रितु जायसवाल साल 2021 से 2023 तक राष्ट्रीय जनता दल में प्रवक्ता के पद पर भी रहीं थीं।
आरजेडी छोड़कर रितु जयसवाल के साथ आज कई अन्य नेता भी बीजेपी में शामिल हुए। इनमें प्रोफेसर राजमणि, सीमा जायसवाल, माया गुप्ता, शकुंतला प्रजापति, संगीता यादव, सुलेखा खातून, पानो देवी, अनिल महतो और शिवशंकर शामिल हैं। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद ऋतु जयसवाल ने कहा कि आज वह पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ पार्टी में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके पुराने वीडियो सामने लाकर उन्हें ट्रोल किया जा सकता है, लेकिन वह डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था, तब उन्हें बागी कहा गया था। इसके बावजूद उन्होंने करीब 65 हजार वोट हासिल किए थे।
रितु जायसवाल ने कहा कि बीजेपी राष्ट्रहित की राजनीति करती है और देश से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की बात करते हैं। विदित हो कि रितु जायसवाल ने 2020 के विधानसभा चुनाव में परिहार सीट से राजद टिकट पर चुनाव लड़ा था और बहुत कम अंतर से हार गई थीं। लेकिन बाद में 2025 में आरजेडी ने उनका टिकट काट दिया था। पार्टी ने उनकी जगह दूसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारा, जिससे नाराज होकर रितु जायसवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते हुए भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया जिसमें उन्हें 60 हजार से ज्यादा वोट मिले थे और आरजेडी उम्मीदवार तीसरे स्थान पर पहुंच गया था।