बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पटना में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई जिसमें लालू यादव द्वारा जन्मदिन पर आंबेडकर की तस्वीर को पैरों के पास रखने के मामले पर विरोध जताया गया। पटना के बापु सभागार में बिहार बीजेपी के 1200 नेताओं की बैठक में लालू के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस-आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD जैसी पार्टियों का केवल एक ही उद्देश्य होता हैं, सत्ता में बने रहना। जबकि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है कि भारत के हर नागरिक का गरिमामय जीवन सुनिश्चित होना चाहिए।
राजनाथ ने कहा कि बीजेपी का मकसद ऐसी नीतियां बनाना है, जिसमें हर वर्ग का विकास हो, सभी को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित हो। केंद्र और राज्य की हमारी सरकार ने यही किया है। राज्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठन की बैठक मात्र नहीं है, बल्कि यह एक संकल्प सभा है। यह सभा उस संकल्प की सिद्धि के लिए हो रही है जो बिहार और भारत दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 11 वर्षों में यह सिद्ध किया है कि भारत बदल सकता है और भारत आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व सुदृढ़ हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्र-हित सर्वोपरि रखा जाए। हमें यहीं विश्वास बिहार के हर निवासी के दिल तक पहुंचाना है।
संगठन पर बात करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी में हर कोई कार्यकर्ता भाव से ही काम करता है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न बैठा हुआ हो। यही हमारी पार्टी की मजबूती का आधार है, जिसका परिणाम यह हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में आज स्थापित हो चुकी है।