बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना में 10 सर्कुलर रोड वाला अपना बंगला खाली करना शुरू कर दिया है। इस समय उनके पति लालू यादव दिल्ली में हैं तो उनका बेटा तेजस्वी यादव विदेश में। लेकिन इस सबके बीच ही उन्होंने अब तक इस बंगले को न खाली करने की जिद छोड़ते हुए बीती रात से ही इसे खाली करना शुरू कर दिया है। उनके बंगले से सामान ढोने की तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसके बाद भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि रात में चोरों की तरह बंगला खाली कर रहे हें, क्या खजाना छिपाकर ढोया जा रहा है? विदित हो कि भवन निर्माण विभाग ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला छोड़ने की नोटिस दी थी, जिसकी मियाद पूरी हो चुकी है। उनको नया बंगला भी आवंटित कर दिया गया है। इसीलिए उन्हें यह आवास नहीं खाली करने की जिद छोड़नी पड़ी है।
जानकारी के अनुसार बीती रात के अंधेरे में राबड़ी देवी के आवास से सामान खाली करने की प्रक्रिया शुरू की गई। छोटी गाड़ियों से पौधा और अन्य गार्डन समान निकालने की तस्वीरें समाने आई है। फिलहाल पौधे और गार्डन के फूल तथा गमले शिफ्ट किये गए हैं। राबड़ी देवी को आवास को खाली करने निर्देश पहले ही दे दिया गए थे। कल 25 दिसंबर को नोटिस का एक महीना पूरा हो गया और मियाद के इसी आखिरी दिन आवास खाली करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। राबड़ी देवी विधान परिषद् में विपक्ष की नेता हैं और करीब 16 जनवरी 2006 से 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही थीं। अब सरकारी आदेश के तहत उन्हें हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल आवास बंगला नंबर 39 आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने विधान परिषद् में विपक्ष के नेता के लिए यह बंगला निर्धारित किया गया है।
इधर राबड़ी आवास से सामान ढोए जाने की तस्वीरें और इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इसपर तरह—तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि लालू परिवार रात के अंधेरे में चोरों की तरह राबड़ी आवास को खाली कर रहा है। उन्होंने कहा कि लालू परिवार ने खजाना छिपाकर रखा है तभी दिन के उजाले को छोड़ रात के अंधेरे में घर खाली कर रहे हैं। राबड़ी के अलावा कई अन्य मंत्रियों को भी भवन निर्माण विभाग द्वारा नया आवास आवंटित किया गया है। उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल को 2 स्टैंड रोड का आवास आवंटित किया गया है। रामकृपाल यादव को 43 हार्डिंग रोड पर आवास दिया गया है। इनके अलावा तेज प्रताप यादव को भी 26 एम स्ट्रैंड रोड का बंगला खाली करना होगा। ये बंगला अनुसूचित जाति जनताति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान को आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इस बाबत आदेश जारी किया है।