पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को लेकर निशाना साधा है। राजद की नेता और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने अपराध के मुद्दे पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से यह नहीं संभल रहा है। इसलिए उन्हें इस्तीफा देकर अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध काफी बढ़ गया है। राज्य के हालात इतने बिगड़ गए हैं कि पूरा देश और दुनिया देख रही है। अब मुख्यमंत्री को अपने बेटे को जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए।
चुनाव आयोग पर भी बोला हमला
आज मॉनसून सत्र में भाग लेने विधान परिषद पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हत्या, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अब नीतीश सरकार से हालात संभल नहीं रहे हैं। राबड़ी देवी ने सुझाव दिया कि नीतीश कुमार अपने पुत्र को मुख्यमंत्री बना दें। क्योंकि वह युवा हैं और राज्य को बेहतर समझ सकते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने चुनाव आयोग पर भी राबड़ी ने हमला बोला और कहा कि बाहरी राज्यों में रहने वाले लाखों बिहारियों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
पत्रकारों से बात करते हुए राबड़ी ने कहा कि बाहरी राज्यों में रहने वाले लाखों बिहारियों के नाम पुनरीक्षण के नाम पर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह चिंता का विषय है। राबड़ी देवी ने कहा कि लाखों बिहारी मतदाता बाहरी राज्यों में काम कर रहे हैं। लेकिन एक साजिश के तहत इन लाखों बिहारियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। यह एक साजिश है ताकि प्रवासी बिहारी चुनाव में भाग न ले सकें। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पर स्पष्टीकरण मांगा और पूरे मामले की जांच की मांग की। पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि पहले चुनाव आयोग सभी बाहर रहने वाले बिहारियों को राज्य में बुलवाये और फिर उनके वोटर आई कार्ड का पुनरीक्षण किया जाए।