सीतामढ़ी जिले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव मर्डर केस के तीन आरोपियों को हाफ एनकाउंटर के बाद धर दबोचा है। दिनेश की हत्या जुलाई माह में की गई थी। बीती देर रात इस केस के तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जानकारी के अनुसार पुलिस की यह कार्रवाई रीगा-परसौनी रोड पर हुई, जहां घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखते ही तीनों अपराधी बाइक से भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने बौखलाहट में पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसपर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 3 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और गोलियों से भरा पिट्ठू बैग बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जुलाई माह की 25 तारीख की देर शाम रीगा थाना क्षेत्र के मेहंदी नगर में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। तब दिनेश यादव को करीब सात गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच जारी रखी। इसी क्रम में बीती देर रात इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों के एक जगह जमा होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। बताया जाता है कि इस अक्टूबर माह की 6-7 तारीख की दरम्यानी रात जिला आसूचना इकाई को सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया।
रीगा थानाध्यक्ष, DIU की टीम और दिनेश यादव हत्याकांड के लिए गठित SIT ने रीगा-परसौनी रोड पर सघन गश्त शुरू कर दिया। इसी दौरान रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास एक बाइक पर तीन संदिग्ध नजर आए। पुलिस की गाड़ी देखते ही उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें तीनों के पैरों में गोली लगी और जख्मी होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दबोचे गए घायल अपराधियों की पहचान सुनील कुशवाहा, मणि कुमार और इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों का लूट, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है।
