भाजपा के वरिष्ठ और नौ बार के विधायक डॉ. प्रेम कुमार को आज सर्वसम्मति से विधानसभा का अध्यक्ष चुना लिया गया। सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने उन्हें बधाई दी। गया टाउन से बीजेपी के विधायक प्रेम कुमार के स्पीकर बनते ही सदन में जय श्री राम के नारे लगने लगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मिलकर उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर आए। स्पीकर चुने जाने पर नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने प्रेम कुमार को बधाई दी तथा साथ ही उनके काम की सराहना भी की।
नौवीं बार गया टाउन से बने विधायक
गया टाउन विधानसभा सीट से लगातार 9वीं बार जीते डॉ. प्रेम कुमार सबसे अनुभवी विधायकों में से एक हैं। सदन में बतौर विस अध्यक्ष उनके नाम की औपचारिक घोषणा होते ही सदन में हर—हर महादेव और जय श्री राम के नारे गूंज उठे।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी तक ले गए और बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें सदन की तरफ से शुभकामनाएं देने के बाद सभी नवनिर्वाचित विधायकों को भी बधाई दी। इस मौके पर तेजस्वी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव की ओर से वे उन्हें शुभकामना देते हैं। विस अध्यक्ष को उन्होंने कहा कि आप ज्ञान और मोक्ष की धरती से आते हैं, इसलिए उस धरती को भी नमन है। तेजस्वी ने उम्मीद जताई कि नए अध्यक्ष सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों को साथ लेकर चलेंगे।
संभाल चुके हैं कई जिम्मेदारियां
डॉ. प्रेम कुमार बिहार की राजनीति में एक मजबूत और भरोसेमंद चेहरा माने जाते हैं। वे पिछले तीन दशकों से लगातार चुनाव जीतते आए हैं और संगठन पर भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। मंत्री के रूप में भी वे कई महतवपूर्ण विभाग संभाल चुके हैं। कृषि, पशुपालन, पर्यटन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण और स्वास्थ्य इंजीनियरिंग जैसे लगभग हर बड़े विभाग का कुशलतापूर्वक संचालन किया है। इसबार के चुनाव में उन्होंने अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस के अखौरी ऑनकार नाथ को 26,423 वोटों के निर्णायक अंतर से हराया। डॉ. प्रेम कुमार को कुल 90,878 वोट मिले। यह जीत उनकी एक और महत्वपूर्ण सफलता है, जिससे इस सीट पर सबसे लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में उनका नाम प्रतिष्ठित हो गया है।