BPSSC द्वारा 29 जुलाई को आयोजित हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में EOU ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में एक बायोमीट्रिक सुपरवाइजर भी शामिल है। बिहार पुलिस की गृह रक्षा संवर्ग के हवलदार अनुदेशक भर्ती की परीक्षा 29 जुलाई को आयोजित हुई थी। इसमें पेपर लीक के तीन आरोपियों को उनके मोबाइल फोन से पेपर लीक के कई सबूत बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इन तीनों में से एक पटना के बिक्रम जबकि बाकी दो वैशाली जिले के रहने वाले हैं। इनमें से वैशाली का नितेश बतौर बायोमैट्रिक सुपरवाइजर तैनात था और इसी ने अपने मोबाइल से प्रश्न पत्र बाहर भेजे थे।
यह मामला आर्थिक अपराध थाना में दर्ज किया गया था। पूरा प्रकरण बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित की गई गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग के अधिनायक अनुदेशक यानी हवलदार अनुदेशक प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक करने से संबंधित है। इस कांड में आर्थिक अपराध इकाई द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना के विक्रम थाना क्षेत्र के राज समदर्शी उर्फ राजा और सैदपुर रजौली हाजीपुर वैशाली के अभिषेक कुमार को दबोचा गया। इनके साथ ही वैशाली के बायोमीट्रिक सुपरवाईजर नितेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद इन लोगों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।