पटना/बाढ़ : पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार के समर्थक अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
वहीं, एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थक भी उनकी जीत का दावा कर रहे हैं। इसके अलावा, राजद समर्थित प्रत्याशी दिलीप कुमार के समर्थकों में भी जीत की उम्मीद को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवल किशोर यादव के पक्ष में जीत का दावा करते हुए विकास कुमार ने कहा कि बाढ़ अनुमंडल के शिक्षकों ने एकजुट होकर उनके पक्ष में मतदान किया है।
दूसरी ओर, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के जन सुराज समर्थित प्रत्याशी दिव्या ज्योति के समर्थक भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं। वहीं, राजद समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार के समर्थन में राजद नेता धर्मवीर यादव और सुरेंद्र प्रसाद यादव ने भी उनकी जीत का दावा किया है। फिलहाल, विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर आशान्वित हैं। हालांकि, चुनाव में किस प्रत्याशी को सफलता मिलेगी, यह मतगणना के बाद घोषित होने वाले आधिकारिक परिणाम से ही स्पष्ट होगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट