पटना/बाढ़ : बाढ़ प्रखंड की धनावां–मुबारकपुर पंचायत के धनावां मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमारी अंजू, अंचलाधिकारी (सीओ) रानी कुमारी, पंचायत के मुखिया गोपाल कुमार तथा मुखिया प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह ने बीडीओ कुमारी अंजू, सीओ रानी कुमारी सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को डिजिटल माध्यम एवं संचिकाओं के जरिए निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण हेतु भेज दिया गया।
शिविर की विशेषता यह रही कि मुखिया प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह एवं सह मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह पूरे समय ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय रहे। उन्होंने प्रत्येक लाभार्थी को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण में सहयोग किया, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। ग्रामीणों ने शिविर की व्यवस्था तथा सभी को समान रूप से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। विशेष रूप से मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह के व्यवहार, सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण की लोगों ने प्रशंसा की। मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह ने कहा कि यह सहयोग शिविर पूरी तरह पंचायत की जनता की सेवा के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि पंचायतवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों की सहायता के लिए उपस्थित हैं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जद(यू) किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश नेता शंभू नारायण सिंह ने राज्य सरकार द्वारा संचालित सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे जनहित में एक प्रभावी एवं सराहनीय पहल बताया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट