पटना। संत शिरोमणि गुरु रविदास समरसता यात्रा–2025 का समापन राजधानी पटना से सटे अतिप्राचीन बाढ़ अनुमंडल के चर्चित प्रखंड बेलछी में भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। विश्व हिंदू परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा 23 दिसंबर से प्रारंभ होकर 30 दिसंबर तक प्रांत के विभिन्न प्रखंडों से गुजरते हुए बेलछी प्रखंड के सकसोहरा बाजार पहुंची, जहां समापन सह भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष परशुरामजी, पटना क्षेत्र के संगठन मंत्री आनंदजी, झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री चितरंजनजी, प्रांत के समरसता प्रमुख संदीपजी, बाढ़ जिला के आरएसएस जिला प्रचारक मनोहरजी, बाढ़ जिला मंत्री तरुणजी तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रसाद सहित अन्य वक्ताओं ने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर भारत की अखंडता बनाए रखना तथा हिंदू समाज की एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। वक्ताओं ने संत रविदास समरसता यात्रा को सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, वंचित एवं उपेक्षित वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। उन्होंने संत रविदास के समरस समाज के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मौके पर उपस्थित विश्व हिंदू परिषद एवं उसके अनुषांगिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संत रविदास समरसता यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के उपरांत विश्व हिंदू परिषद, अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने एक साथ सामूहिक भोज में भाग लिया, जिससे समरसता और सामाजिक एकता का संदेश और मजबूत हुआ।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट