पटना/मोकामा : भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर पटना जिले के मोकामा में आयोजित राजकीय मेले में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े और बाजे-गाजे के साथ निकले श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। “भगवान परशुराम की जय” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की। उनके साथ नगर परिषद के सभापति नीलेश कुमार माधव, छितेंद्र सिंह, महेश प्रसाद सिंह, धीरज कुमार, संजय कुमार, मुकेश कुमार, महात्माजी, कन्हैया, संजीव कुमार, मुरारी सिंह और ललन कुमार सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई गई। इस अवसर पर विजय कुमार सिन्हा ने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस राजकीय मेले में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एसडीओ गरिमा लोहिया, एसडीपीओ रामकृष्ण, बीडीओ रवि कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक सहित कई अधिकारी दो दिन पूर्व से ही तैयारियों में जुटे रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट