बिहार में एनडीए की नई सरकार के कमान संभालते ही पटना पुलिस फुल एक्शन में है। पुलिस ने बीती रात ढाई बजे राजधानी के सिपारा इलाके में एक ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी बदमाश का हाल्फ एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी और फिर दबोच लिया। आरोपी की पहचान बेउर ब्रह्मस्थान निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई और वह पटना में ज्वेलरी शॉप में हुई लूटकांड में वांटेड था। उसे एम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि पुलिस ने ज्वेलरी लूट कांड में शक के आधार पर दिलीप को पकड़ा था और उससे मिली जानकारी के आधार पर हथियार बरामदगी के लिए गई थी। पटना के एसएसपी ने बताया कि दिलीप ने पुलिस को बताया था कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार छिपा दिए गए हैं। इस हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस दिलीप को लेकर पहुंची थी। लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की जिस दौरान मुठभेड़ हुई।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के धनजी कॉलोनी स्थित श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स में पांच नकाबपोश अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे बदमाशों में से तीन दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे। अंदर घुसते ही अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर दुकानदार धनंजय कुमार के सिर पर पिस्टल के बट से हमला किया गया था, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने शोकेस तोड़कर करीब 100 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए थे। कुल मिलाकर 15 से 20 लाख रुपये की लूट बताई जा रही है। वारदात के बाद भागते समय अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और एसटीएफ की टीम को भी जांच में लगाया गया था।
इसी कड़ी में बीती देर रात पुलिस को एक आरोपी की लोकेशन मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी दिलीप ने पूछताछ में हथियार छिपाने की जगह पुलिस को बताई जिसके बाद पुलिस उसे लेकर बताए गए लोकेशन पर बरामदगी के लिए पहुंची। इसके लिए सिपारा इलाके में घेराबंदी की गई। इसबीच दिलीप ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दिलीप कुमार के पैर में गोली मार दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि वारदात में पांच अपराधी शामिल थे और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।