राजधानी पटना में बेखौफ बदमाशों ने बीती देर रात मसौढ़ी इलाके में एक आभूषण व्यवसायी के घर और दुकान में भीषण डकैती को अंजाम दिया। इस दौरान अपराधियों ने करीब 40 लाख के माल पर हाथ साफ कर लिया। जानकारी के अनुसार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान और घर को निशाना बनाया। करीब एक घंटे तक बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की। इस कांड में बदमाश लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी।
बताया गया कि लूट की यह घटना मसौढ़ी अनुमंडल के भगवानगंज थाना क्षेत्र में हुई जहां चांदनी अलंकार ज्वेलरी दुकान और उसके ऊपर बने घर में देर रात करीब 10 की संख्या में बदमाश घुस गए। सभी अपराधी नकाब पहने हुए थे और उनके पास हथियार भी थे। जानकारी के अनुसार सभी बदमाश घर के पीछे की तरफ से सीढ़ी लगाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दुकान और घर का ताला तोड़ा और घर में सो रहे परिवार के लोगों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।
पीड़ित दुकानदार दीपक सोनी ने बताया कि बदमाश करीब 40 से 50 मिनट तक घर और दुकान में आराम से लूटपाट करते रहे। इस दौरान उन्होंने अलमारी, लॉकर और दुकान की पूरी तलाशी ली। बदमाश करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पटना के सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा और मसौढ़ी के डीएसपी राघव दयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में मदद मिलेगी।